जिलाधिकारी अमित आसेरी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस पोर्टल और सीएम डैशबोर्ड के तहत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान डीएम ने अमित आसेरी ने जल निगम (नगरीय) को जिन वार्डों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित है, वहां तत्काल नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर विकास विभाग को निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाने को कहा। मलहरा गौ संरक्षण केंद्र के निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को तय समय में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, जिला कारागार, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय भवन और उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड समेत विभिन्न विभागों के लंबित निर्माण कार्यों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र पूरा कराने को कहा। पैलानी-गुलौली (सिंधनकला) मार्ग के निर्माण को प्राथमिकता देने तथा 60 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुके बबेरू मंडी बस स्टैंड का शेष कार्य जल्द पूरा कर जनता के लिए शुरू करने के निर्देश भी दिए। डीएम अमित आसेरी ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला भवन, प्रांतीय खंड और कचहरी चौराहा-मुक्तिधाम मार्ग सहित सभी अधूरे निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। सीएनडीएस की ओर से निर्धारित प्लांटेशन कार्य नहीं किए जाने पर संबंधित के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में जननी सुरक्षा योजना, स्वास्थ्य विभाग, 15वें वित्त आयोग (पंचायती राज), स्वच्छ भारत मिशन (फेज-2), पंचायती राज, पर्यटन और लोक निर्माण विभाग की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि अगले माह तक सभी विभाग ‘ए’ ग्रेड प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचना चाहिए।