ग्रामीणों की शिकायत पर जांच करने विद्यालय पहुंचे एबीएसए के सामने प्रधानाचार्य नशे में धुत मिले। साथ ही टीवी में फिल्मी गाने सुनते मिले। बीएसए ने कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
महोबा जिले के खरेला क्षेत्र में ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय टिकरी के प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक विद्यालय परिसर में ही रहते हैं और अधिकांश समय शराब के नशे में रहते हैं। इसी बीच एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है, जिसमें प्रधानाध्यापक कमरे में लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं और विद्यालय की टीवी पर गाने चल रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक बच्चों के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। शिक्षकों और ग्रामीणों से उधार पैसे मांगते हैं। साथ ही, विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों के साथ देर रात तक शराब पीते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विद्यालय समय में भी उनका पहनावा अनुचित रहता है, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि यदि कोई उनके व्यवहार पर आपत्ति जताता है, तो वह अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और तत्काल स्थानांतरण की मांग की है।