छेड़छाड़ का विरोध करने पर हैवानों ने नाबालिग को घर में घुसकर तेजाब पिला। हालत बिगड़ने पर गम्भीर हालत में नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यूपी के हापुड़ स्थित थाना देहात क्षेत्र के एक गांव में कुछ युवकों पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर घर में घुसकर नाबालिग किशोरी को तेजाब पिलाने का आरोप है। हालत बिगड़ने पर परिजनों किशोरी को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। भाई की तहरीर पर चार नामजद युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव निवासी एक युवक ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि कुछ दिन पहले उसके पड़ोस में रहने वाले कादिर व नाजिम ने दूध की डेयरी पर आते जाते समय उनकी बहन का पीछा कर उसके साथ छेड़छाड़ की थी। घर पहुंचने पर बहन ने उसे आपबीती सुनाई थी। इस पर उसने सालिम से इसकी शिकायत की थी। आरोप है कि इसी रंजिश में सोमवार की दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे कादिर व नाजिम ने घर में घुसकर उसकी पत्नी के साथ गाली गलौज की। इसके बाद आरोपी घर की छत पर चढ़ गए और उसकी बहन को तेजाब पिला दिया। घटना के समय वह अपनी गांव स्थित दूध की डेयरी पर मौजूद थे। बहन को तेजाब पिलाने की सूचना पर वह घर पहुंचा तो बहन ने उसे बताया कि कादिर व नाजिम ने पीछे से आकर उसके तेजाब पिला दिया। इससे वह बेहोश होने लगी। इसी बीच उसे लगा कि अब्दुल्ला व सालिम आरोपियों के साथ मौजूद थे। आरोप है कि इन चारों आरोपियों ने एक साथ मिलकर उसे तेजाब पिलाया। इतना ही नहीं जाते समय आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर यहां से फरार हो गए। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसने परिजनों के साथ बहन को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि युवक की तहरीर पर कादिर, नाजिम, अब्दुल्ला व सालिम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है, जिसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।