सामने आ रहे वाहन की टक्कर से कार सवार पुलिस कर्मी की मौत हो गई। वही दो महिला पुलिस कर्मी घायल हो गई।
मुरादाबाद में तैनात कांस्टेबल जीत सिंह पदम की बरेली में अक्षर विहार के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। टक्कर के बाद कार के एयरबैग फटने से यह घटना हुई। कार चला रहे जीत सिंह पदम और उनके साथ मौजूद दो महिला पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं। निजी अस्पताल में जीत सिंह ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक 28 वर्षीय जीत सिंह गाजियाबाद जिले के मसूरी थाने के गांव ग्राम इंद्रगरी के निवासी थे। वह 2018 बैच के कांस्टेबल थे और मुरादाबाद में तैनात थे। मंगलवार को वह अकादमी की दो साथियों 22 वर्षीय कुमकुम और 20 वर्षीय तनिष्का के साथ कार से बरेली आए थे। यह हादसा मंगलवार दोपहर ढाई बजे उस समय हुआ जब तीनों बैंक संबंधी काम निपटाकर मुरादाबाद लौट रहे थे। जीत सिंह कार चला रहे थे। अक्षर विहार तालाब के पास उनकी कार सामने चल रहे दूसरे वाहन से टकरा गई। बताते हैं कि झटका लगते ही जीत सिंह की कार के एयरबैग फट गए। जीत सिंह गंभीर घायल हो गए जबकि कुमकुम और तनिष्का को भी चोटें आईं। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर बाद जीत सिंह की मौत हो गई। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस ने सिपाही के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मुरादाबाद के अधिकारियों व सिपाही के परिवार को भी सूचना दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किस वजह से हुई।