यूपी के अंबेडकरनगर में शनिवार को कपड़ा व्यवसायी से 17 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। वह कपड़ों की बिक्री के पैसे वसूलकर लौट रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना जहांगीरगंज क्षेत्र के बिडहर पुल के पास की है। मूल रूप से नेवारी दुराजपुर निवासी कपड़ा व्यवसायी मो. रहीस के साथ वारदात हुई है। घटना के समय वह बिहार से कपड़ों की बिक्री की वसूली करके लौट रहे थे। खलीलाबाद तक वह ट्रेन से आए थे। वहां से अपने दोस्त हंसवर के मुंडेरा निवासी मो. जलाल के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। शनिवार की सुबह करीब 7:30 बजे रास्ते में कार सवार तीन बदमाशों ने बाइक को रोका। असलहा के बट से हमला करके दोनों को घायल कर दिया। इसके बाद रहीस के पास रखे करीब 13 लाख रुपये और मो. जलाल के पास रखे करीब 3 लाख 90 हजार रुपये नकद लूटकर भाग निकले। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र,डिप्टी एसपी प्रदीप सिंह चंदेल ने जानकारी ली। मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा।