पश्चिम बंगाल-शुभेंदु अधिकारी होंगे बंगाल के मुख्यमंत्री

SHARE:

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग गई है। शुभेंदु अधिकारी बंगाल के मुख्यमंत्री होंगे। वहीं विधायक दल की बैठक में गृह मंत्री ने उनके नाम का एलान कर दिया है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम निर्णय ले लिया गया है। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद उपस्थित सभी भाजपा विधायकों से सहमति ली गई, जिसके बाद उनके नाम पर अमित शाह ने औपचारिक मुहर लगाई। अमित शाह ने बैठक के बाद कहा “हाल ही में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई है और लगभग आठ प्रस्ताव और समर्थन प्राप्त हुए। ये सभी एक ही नाम के लिए थे। दूसरे नाम के लिए भी सभी को समय दिया गया, लेकिन दूसरा नाम सामने नहीं आया। इसलिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल विधान मंडल दल के नेता के रूप में निर्वाचित घोषित करता हूं।”बैठक से पहले अमित शाह ने कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के बाद शाह सीधे पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठकों में शामिल हुए, जहां सरकार गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा की गई।
कैबिनेट गठन पर भी शाह करेंगे चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल की बैठक से पहले अमित शाह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सरकार गठन के हर पहलू पर चर्चा करेंगे। इसमें नए मंत्रिमंडल की संरचना, प्रमुख विभागों का बंटवारा और सरकार की प्राथमिकताओं पर मंथन किया जाएगा। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।
ब्रिगेड ग्राउंड आयोजित होगा शपथ ग्रहण समारोह
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के गठन को लेकर पार्टी इसे बड़े सांस्कृतिक और राजनीतिक आयोजन के रूप में पेश करने की तैयारी में है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। समारोह में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मुख्य मंच को तीन हिस्सों में बांटा जाएगा। पहले हिस्से में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अन्य केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री बैठेंगे। दूसरे हिस्से में राज्यपाल आरएन रवि मौजूद रहेंगे, जो नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। तीसरे हिस्से में मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण करने वाले नेता और नए मंत्रिमंडल के सदस्य बैठेंगे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment