उत्तर प्रदेश-पुलिस कर्मियों को दौड़ाकर पीटने के साथ उपद्रवियों ने चौकी में काटी गदर

SHARE:

ट्रैक्टर हटाने के लिए कहने पर भड़के उपद्रवियों ने दरोगा समेत पुलिस टीम को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। चौकी तक खदेड़कर घेराव कर लिया। साथ ही पुलिस चौकी फूंकने की धमकी दी। तहरीर पर एक नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कानपुर के नरवल थाने के उपनिरीक्षक अनुज तिवारी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 10 अप्रैल को वह हेड कांस्टेबल घनश्याम, कांस्टेबल बबलू और विशाल कुमार के साथ पाली चौराहे पर रात 11 बजे वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी ग्राम पाली भोगीपुर निवासी मनोज पासवान अपनी ब्रीजा गाड़ी बीच रोड पर खड़ी कर दी। कार से सामान निकालकर सड़क पर रख दिया। इसके बाद पीछे खड़े ट्रैक्टर से सामान बदली करने लगा। दरोगा के अनुसार चेकिंग में दिक्कत आने के कारण उन्होंने कार हटाने के लिए कहा। इस पर कार चालक मनोज और साथ में ट्रैक्टर में मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों से गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो पुलिस कर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की धमकी दी। शोर सुनकर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। मनोज और उसके लगभग 12-15 साथियों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर पीटा। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। सभी वाहन चेकिंग में लगे पुलिसकर्मी जान बचाकर भागने लगे। आरोपियों द्वारा सरकारी कार्य करने में अवरोध उत्पन्न किया गया।
भीड़ ने किया चौकी का किया घेराव
दरोगा का आरोप है कि सभी पुलिसकर्मी जान बचाकर चौकी की तरफ भाग रहे थे तभी मनोज पासवान ने ट्रैक्टर रोड पर खड़ा कर उनका रास्ता रोकते हुए अपने साथियों को बुला लिया। उन लोगों के साथ दोबारा गालीगलौज करते हुए वर्दी पकड़कर धमकाने लगा। वह लोग किसी तरह समझाते हुए पाली चौकी पहुंचे और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मनोज पासवान, उसके परिवारीजन और 12-15 साथियों ने चौकी का घेराव कर दिया। चौकी के बाहर कोई न निकल सके इसलिए ट्रैक्टर को गेट पर ही खड़ा कर दिया। देर रात तक आरोपियों ने उपद्रव किया। उन लोगों के जाने के बाद जान बच सकी। नरवल इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर मनोज पासवान और 15 अज्ञात पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा बनने, धमकाना, मारपीट, गलत तरीके से रोकने, हमला करने आदि धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जायेगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment