सिकंदरा मंडी स्थित आढ़ती की दुकान से हुई 40 लाख रुपये से अधिक की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी की वारदात किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि आढ़ती के चालक ने अपने पिता के साथ मिलकर अंजाम दी थी। सिकंदरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चालक और उसके पिता को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40.25 लाख रुपये, चोरी में इस्तेमाल ऑटो, मोबाइल और ब्रीफकेस बरामद किया है।
आढ़ती के बाहर जाने की थी जानकारी
पुलिस के अनुसार आरोपी शिशुपाल आढ़ती की दुकान पर चालक था। उसे जानकारी थी कि आढ़ती एक अगस्त को हैदराबाद जाने वाले हैं। इसी का फायदा उठाकर उसने 31 जुलाई को अपने पिता वीरू के साथ चोरी की साजिश रची। कैमरे से बचने के लिए पीछे की दीवार तोड़ी
दुकान के सामने सीसीटीवी कैमरा लगा था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कैमरे की नजर से बचने के लिए दुकान के पीछे की दीवार तोड़ी और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दुकान में रखी नकदी के बंडल चोरी कर लिए। वारदात के बाद दोनों वहां से फरार हो गए। शक न हो इसलिए आढ़ती को एयरपोर्ट छोड़ने भी गया
चोरी करने के बाद भी शिशुपाल ने ऐसा व्यवहार किया, जिससे उस पर किसी को शक न हो। वह खुद आढ़ती को एयरपोर्ट छोड़ने और बाद में उन्हें लेने भी गया। पुलिस जांच में यह बात सामने आने के बाद चालक पर शक गहरा गया। चोरी के रुपयों से खरीदा आईफोन और ट्रॉली बैग
पुलिस के अनुसार चोरी के रुपयों से आरोपी ने आईफोन और ट्रॉली बैग खरीदा। बताया गया कि आईफोन से उसने एआई की मदद लेकर महान हस्तियों के साथ अपनी तस्वीरें तैयार कराईं और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उसकी इसी गतिविधि ने भी पुलिस की जांच में अहम सुराग दिया।
40.25 लाख रुपये समेत सामान बरामद
सिकंदरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक शिशुपाल और उसके पिता वीरू को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 40.25 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त चोरी का ऑटो, मोबाइल और ब्रीफकेस बरामद किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।