आंख फोड़ने के बाद युवक की गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद शव को पुल से नीचे फेंक दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
सोनभद्र जिले की कोतवाली क्षेत्र के मुरता गांव में मंगलवार की शाम ठेमा नदी पुल के नीचे समर सिंह (26) का खून से लथपथ शव मिला। बेहद निर्ममता से उसकी हत्या की गई थी। युवक का सिर पत्थर से कूंचा हुआ था। उसकी एक आंख फोड़ दी गई थी। गला भी कटा हुआ था। पास में ही टूटा हुआ चाकू पड़ा था। पुल के ऊपर से बाइक भी बरामद हुई है। शव की हालत देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है। युवक की दो माह पहले ही शादी हुई थी। महुअरिया गांव निवासी समर सिंह मंगलवार को दोपहर में बिना बताए घर से निकला था। इसके बाद से उसका कहीं पता नहीं चला। शाम करीब चार बजे ठेमा नदी के पास से गुजर रहे लोगों ने पुल के नीचे शव देखकर सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में दुद्धी कोतवाली और म्योरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव की शिनाख्त समर सिंह के रूप में हुई। उसकी निर्ममता से हत्या की गई थी। समर के भाई जय सिंह व धर्मसिंह ने बताया कि घर में कच्चे का मकान का कार्य चल रहा है। सुबह से परिवार के सभी लोग इसी कार्य में लगे थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे समर बिना कुछ बताए ही घर से निकल गया था। इसके बाद शाम को उसका शव मिलने की सूचना आई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। घरवालों का रो-रोकर हाल बेहाल है। भाइयों के मुताबिक दो महीने पहले समर सिंह की शादी रासपहरी गांव में हुई थी। बताया कि करीब बीते पांच साल पहले पिता को मारपीट कर नौडिहा गांव के जंगल में फेंक दिया गया था। उस मामले में पंचायत भी हुई थी।