शराब के नशे और घरेलू विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। गुस्से में आकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी 12 वर्षीय बेटी का भी गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। पिता की करतूत देखकर दूसरी बेटी ने खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई। गंभीर हालत में मां और बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्ची आईसीयू में भर्ती है।
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में सोमवार देर रात यह सनसनीखेज वारदात हुई। इलेक्ट्रीशियन का काम करने वाले कमलेश गुप्ता का रात करीब एक बजे पत्नी सीमा (35) से विवाद हो गया। परिजनों के मुताबिक, कमलेश शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने तार से सीमा का गला घोंट दिया। मां की हत्या के बाद बेटी को भी दबाया गला
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने अपनी 12 वर्षीय बेटी नैंसी को दौड़ाकर बरामदे में पकड़ लिया और उसका भी गला दबा दिया। इससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। पिता का आक्रामक रूप देखकर 17 वर्षीय बड़ी बेटी कोमल ने भागकर खुद को कमरे में बंद कर लिया और शोर मचाकर मदद मांगी।
आवाज सुनकर प्रथम तल पर रहने वाले कमलेश के भाई राजीव और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीमा और नैंसी को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पत्नी को मृत घोषित, बेटी आईसीयू में भर्ती
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सीमा को मृत घोषित कर दिया, जबकि नैंसी की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस हिरासत में आरोपी पति
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी कमलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे और घरेलू विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना से परिवार में मचा कोहराम
एक ही परिवार में पत्नी की हत्या और मासूम बेटी की जान लेने की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगा रही है।