उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात साइकिल मिस्त्री की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कमलनैनपुर गांव निवासी गौतम मौर्य उम्र 20 वर्ष जलालाबाद रोड स्थित नहर कोठी के पास एक साइकिल की दुकान पर काम करता था। दुकान बंद करने के बाद वह रोज की तरह अपने खेत की ओर गया था। आरोप है कि रात करीब 10 बजे समीर ने फोन कर गौतम को बुलाया। इसके बाद समीर और उसके साथियों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। गौतम के सिर, गर्दन और कंधे पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी उसे सड़क किनारे छोड़कर भागने लगे। घटना के दौरान ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मुख्य आरोपी समीर को पकड़कर उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस घायल गौतम को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चार अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद समीर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह वारदात की जिम्मेदारी लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसने दावा किया कि उसने अकेले ही हत्या की और इसका कारण अपनी बहन से जुड़ा विवाद बताया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को मुख्य आरोपी समीर को घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के लिए पुलिस दिलावरपुर के जंगल में लेकर गई। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान समीर ने चाकू से हमला कर भागने की कोशिश की, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिससे समीर के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी और सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।