चित्रकूट जनपद के तहसील कर्वी में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार और डीआईजी राजेश एस ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। शिविर में कुल 56 शिकायतें आईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंपा गया।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, बंटवारा, अवैध कब्जा, पैमाइश, विद्युत आपूर्ति और पेयजल से संबंधित रहीं। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए तीन दिन के भीतर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकता है। भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण में रोवर तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जाए और राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों को इसके लिए प्रशिक्षित किया जाए, ताकि पैमाइश और सीमांकन की प्रक्रिया पारदर्शी व सटीक हो सके। आयुक्त ने धारा-24 और धारा-34 के अंतर्गत लंबित राजस्व वादों का नियमित अनुश्रवण कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी से आमजन को परेशानी होती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों पर उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि शिकायत मिलते ही उपभोक्ताओं से संपर्क कर तत्काल समस्या का समाधान कराया जाए। बिजली व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने भी विभिन्न जनसमस्याएं उठाईं। इस पर आयुक्त ने संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खासकर विद्युत विभाग और जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। समापन पर आयुक्त अजीत कुमार ने सभी अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने और कार्यालय के बजाय मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। डीआईजी राजेश एस ने कहा पुलिस से सम्बंधित जितनी भी शिकायते है। उनका समय से निस्तारण करायें।