बच्चों से भरी स्कूली बस पुलिया से लटक गई। बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। जिससे बड़ा हादसा टल गया।
महोबा जिले में थाना महोबकंठ के रूरीकलां गांव में वसंत वेली पब्लिक स्कूल की बस सुबह बच्चों को लेने रूरीकलां गांव गई थी। बस में 20 से 25 बच्चे सवार थे। बस चालक एक बच्चे को लेने के लिए स्टार्ट बस खड़ी कर गांव के अंदर चला गया। आरोप है कि चालक ने बस का हैंड ब्रेक नहीं लगाया। इस दौरान बस धीरे-धीरे पीछे जाने लगी और पुलिया के किनारे पहुंचकर नीचे लटक गई। बस को खाई की ओर झुकता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया। ग्राम प्रधानपति संजू ने बताया कि ग्रामीणों की तत्परता व सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। तीन दिन पहले भी इसी विद्यालय का वाहन पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। बताया जा रहा है कि बस में सहायक न होने के चलते चालक स्वयं बच्चों को लाकर बैठा रहा था। इसी दौरान यह घटना घटित हो गई।