रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कर यात्री ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश का खुलासा हुआ है। मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। आरोप है कि पाकिस्तानी एजेंट के इशारे पर आरोपियों ने विस्फोट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार, कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद किए हैं।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 3 नवंबर की रात करीब पौने 10 बजे 50 जीबी गांव के पास धमाका हुआ था। विस्फोट से रेलवे ट्रैक के बीच दो से तीन फीट गहरा गड्ढा हो गया था। दो रेलवे स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे, जबकि आसपास के कई स्लीपरों के लॉक भी टूट गए थे। घटना से कुछ समय पहले ही इस ट्रैक से यात्री ट्रेन गुजर चुकी थी। इससे एक बड़ा हादसा टल गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर (21) और देवेंद्र सिंह (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महकदीप सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के शाह नाम के एजेंट के संपर्क में थी। आरोप है कि उसी ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कराने के लिए 30 हजार रुपये उपलब्ध कराए थे। राजस्थान एटीएस और पुलिस ने पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया। तीन बार की रेकी, तीसरी कोशिश में हुआ धमाका
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे थे। पहली बार 6 अक्टूबर को उन्होंने अलग-अलग स्थानों की रेकी की, लेकिन योजना सफल नहीं हुई। इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को दोबारा पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया, लेकिन उसमें धमाका नहीं हो सका। तीसरी बार 3 नवंबर को 50 जीबी गांव के पास विस्फोट किया गया।
जांच के अनुसार, आरोपियों को राजस्थान पहुंचने के बाद एक निर्धारित स्थान से आईईडी का पैकेट मिला था। इसके बाद उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया संपर्कों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि विस्फोटक उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी, अन्य संदिग्धों से पूछताछ
केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के बाद राजस्थान एटीएस और पुलिस की टीमें पंजाब पहुंची थीं। पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस और गुरदासपुर पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के नेतृत्व में अधिकारियों की टीमें शामिल रहीं। मामले की जांच आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी की निगरानी में की जा रही है। पुलिस ने कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। रेलवे ट्रैक पर धमाके से मची थी अफरा-तफरी
विस्फोट के बाद रेलवे प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया था। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था। मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद 5 नवंबर को इस मार्ग पर रेल सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई थीं। रेलवे प्रशासन की शिकायत पर रामसिंहपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। हथियार और कारतूस भी बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो हथियार और 46 कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका, पाकिस्तानी एजेंट से संपर्क और विस्फोटक की आपूर्ति के स्रोत की जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।