एफआईआर की मांग पर थाने में धरने पर बैठे राहुल गांधी, बोले- केस दर्ज होने तक नहीं हटूंगा
छात्र के साथ थाने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का लगाया आरोप
छात्र के खिलाफ कथित कार्रवाई और गोली लगने से घायल होने के मामले में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, वह यहां से नहीं हटेंगे।
नई दिल्ली में संसद मार्ग थाने के बाहर शुक्रवार को राहुल गांधी 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब और उसकी मां के साथ पहुंचे। राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर छात्र की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। बातचीत के बाद भी मामला नहीं सुलझा तो वह डीसीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के भी मौके पर पहुंचने से माहौल गरमा गया। छात्र ने 20 जुलाई के प्रदर्शन में पैलेट लगने का लगाया आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान साहिल लोचब को पैलेट गन से चोट लगी थी। राहुल गांधी ने दावा किया कि छात्र के शरीर में बड़ी संख्या में पैलेट मिले हैं और उसकी आंख भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। कांग्रेस के अनुसार छात्र और उसके वकीलों ने 14 अगस्त को पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पुलिस ने कहा- शिकायत स्वीकार की, जांच क्राइम ब्रांच कर रही
दिल्ली पुलिस का कहना है कि छात्र की शिकायत स्वीकार कर ली गई है और 20 जुलाई की घटना से जुड़े मामलों की जांच पहले से क्राइम ब्रांच को सौंपी जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में जांच अधिकारी भी नियुक्त किया गया है और छात्र की शिकायत को भी क्राइम ब्रांच को भेजा जाएगा। पुलिस ने पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर अलग रुख रखते हुए कहा है कि मामले की जांच जारी है।