दिनदहाड़े महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार स्थित कोटवा रोड के जैतपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह यह सनसनीखेज वारदात हुई। मृतका की पहचान ऊषा देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति दिनेश कुमार और चार साल की बेटी के साथ किराए के मकान में रह रही थी। पति के अनुसार वह बुधवार दोपहर अपने गांव चला गया था। इसी दौरान महिला की हत्या कर दी गई। बताया गया कि दिनेश कुमार मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाता है और करीब पांच साल पहले उसने ऊषा से प्रेम विवाह किया था। परिवार 11 अगस्त को हनुमानगंज बाजार के कोटवा रोड स्थित अनिल सोनी के मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहने आया था। घटना के कुछ समय बाद बच्ची स्वीटी के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक कमरे में पहुंचा तो ऊषा का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, एसीपी थरवई अजेंद्र यादव और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार गौतम पुलिस टीम व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध, पुलिस ने हिरासत में लिया
मकान मालिक की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति आते-जाते दिखाई दिया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या थर्माकोल काटने वाले चाकू से गला रेतकर की गई। फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने और घटना में शामिल व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस जुटा रही सुराग, जांच जारी
डीसीपी गंगानगर ने बताया कि महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।