माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे मोहम्मद अबान अहमद के अंतिम संस्कार को लेकर प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अबान के भाई अली और उमर अहमद भी शनिवार शाम कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज पहुंच गए। दोनों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। अबान के सुपुर्द-ए-खाक की तैयारी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में चल रही है। कब्रिस्तान और अतीक अहमद के कसारी-मसारी स्थित जमींदोज मकान के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। अली और उमर के पहुंचने के बाद भीड़ और बढ़ गई। पुलिस लगातार माइक से लोगों से पीछे हटने और रास्ता खाली रखने की अपील कर रही है। कब्रिस्तान के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा
कसारी-मसारी कब्रिस्तान के मुख्य प्रवेश द्वार पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने और अंतिम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अबान को शाम सात बजे के बाद सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की संभावना जताई गई थी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लोग लगातार कब्रिस्तान पहुंच रहे थे। एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष भी पहुंचे
अबान के सुपुर्द-ए-खाक में शामिल होने के लिए ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली भी कब्रिस्तान पहुंचे। इस दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अली और उमर के पहुंचने के बाद पुलिस ने उनकी गाड़ी के आसपास लोगों को जुटने से रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता भीड़ को नियंत्रित रखते हुए अबान की अंतिम यात्रा को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।