शनिवार को डीआईजी ने जनपद के थाना जसपुरा का निरीक्षण किया। साथ ही थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। खामियां मिलने पर दुरुस्तीकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी राजेश एस ने थाना कार्यालय, महिला हेल्पडेस्क, मिशन शक्ति, साइबर हेल्पडेस्क, लॉकअप, ई-मालखाना, सीसीटीवी व्यवस्था और अभिलेखों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, जनसुनवाई के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी राजेश एस ने महिला हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने तथा उनका त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि थाने पहुंचने वाली पीड़ित महिलाओं के साथ पुलिसकर्मी सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करें। साइबर हेल्पडेस्क के निरीक्षण के दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम और शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के साथ ही आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी राजेश एस ने जनसुनवाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और उसका निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को प्रभावी राहत मिले। इसके साथ ही आमजन के साथ पुलिस का व्यवहार शालीन और संवेदनशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों का निरीक्षण कर उन्हें समय से अद्यतन रखने को कहा। लॉकअप, ई-मालखाना और सीसीटीवी व्यवस्था का जायजा लेते हुए सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।