शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर सहपाठी छात्र ने पैरा मेडिकल छात्रा की चाकू मारकर हत्या की थी। पिछले चार दिनों से वह हत्या की प्लानिंग कर रहा था।
पीलीभीत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल (22) की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी सागर सिंह ने कबूल किया है कि शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से वह नाराज था। उसने चार दिनों तक हत्या की साजिश रची। पुलिस पूछताछ में कानपुर निवासी सागर ने वह एक हफ्ते से बरेली निवासी कशिश को मनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह उसे नजरअंदाज कर रही थी। इससे गुस्सा होकर वो मौके की तलाश में जुट गया। मंगलवार सुबह सीटी स्कैन रूम में छात्रा को अकेला पाकर सागर ने आखिरी बार उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन कशिश ने बात करने से भी मना कर दिया और शोर मचाने लगी। तैश में आकर सागर ने कशिश के सीने और पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस की पूछताछ में सागर ने कबूल किया कि वह चार दिनों से लगातार उसका पीछा कर रहा था। इन चार दिनों में वह एक पल के लिए भी नहीं सोया, बस उसी के बारे में सोचता रहा। फिर तय कर लिया था कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो उसे किसी और की भी नहीं होने देगा। इसी के चलते उसने हत्या कर दी।