चित्रकूट-अमावस्या मेले और दुर्गा पूजा की तैयारियों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त-अजीत

SHARE:

आगामी अमावस्या मेला, शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित विभागों को मेला शुरू होने से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और अधूरे कार्य समयसीमा में पूरे कराने को कहा गया है।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार तथा डीआईजी राजेश एस ने आगामी पर्वों के मद्देनजर रामघाट और आसपास के मेला क्षेत्र सहित विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, घाटों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि अमावस्या मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों और सीढ़ियों पर फिसलन रोकने, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने, चेतावनी संकेतक लगाने तथा जरूरत के अनुसार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए। नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस, गोताखोरों और बचाव संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। आयुक्त अजीत कुमार ने मेला क्षेत्र में निर्माण और मरम्मत के बचे हुए कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराने को कहा। शौचालयों की सफाई, कूड़ा निस्तारण, निर्बाध पेयजल आपूर्ति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन कराने, प्रवेश और निकास के पर्याप्त रास्ते रखने, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने की व्यवस्था करने को कहा गया। निर्देशित किया गया कि दुर्गा प्रतिमाओं की ऊंचाई 10 से 12 फुट से अधिक न रखी जाए। विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और सुरक्षा प्रबंधों का पालन कराया जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग भी निर्धारित मानकों और अनुमत समय के अनुसार किया जाए। विद्युत विभाग को मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों, घाटों और पूजा पंडालों के आसपास विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। झुके हुए विद्युत पोल, लटकते तार और खुले या असुरक्षित विद्युत कनेक्शन तत्काल ठीक कराने को कहा गया। वहीं, लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त कराने, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर अजीत कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाएं, प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस और चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रमुख स्थलों पर जरूरत के अनुसार चिकित्सा शिविर लगाने को कहा गया। नगर निकाय को सफाई, शौचालयों की नियमित देखरेख, स्वच्छ पेयजल और खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से संवेदनशील स्थलों की पहचान, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों का शांतिपूर्ण संपन्न होना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीआईजी राजेश एस ने निर्देश दिए कि सुरक्षा के दृष्टिगत भीड़ भाड़ इलाकों में भारी पुलिस फोर्स को तैनात किया जाए। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
घाटों पर बचाव संसाधनों की उपलब्धता, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया।
समयसीमा में पूरे हों अधूरे कार्य
मेला क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, सफाई और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर कराने को कहा गया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई