मथुरा-118 मुकदमों के आरोपी ने यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस की पिस्टल छीनी, दरोगा को मारी गोली

SHARE:

नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात 118 मुकदमों में आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में कांस्टेबल की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक अजय कुमार के बाजू में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी वसीम अकरम उर्फ लंबू के पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। घायल दरोगा और आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा रेफर किया गया है।
सीओ अमरनाथ यादव के अनुसार, दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ नॉर्थ वेस्ट की टीम ने आरोपी वसीम अकरम उर्फ लंबू को पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम से गिरफ्तार किया था। टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जा रही थी। मंगलवार रात करीब सवा 12 बजे पुलिस टीम यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 63-64 के बीच गांव कटैलिया के पास पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही। कांस्टेबल और उपनिरीक्षक अजय कुमार उसे वाहन से उतारकर सड़क किनारे ले गए।
पिस्टल छीनते ही पुलिस टीम पर की फायरिंग
बाथरूम के लिए ले जाते समय आरोपी ने मौका पाकर कांस्टेबल की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए भागने लगा। अचानक हुई फायरिंग में उपनिरीक्षक अजय कुमार के बाजू में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें वसीम अकरम के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
दोनों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही नौहझील थाना प्रभारी अंजीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल उपनिरीक्षक अजय कुमार और आरोपी वसीम अकरम को नौहझील सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
आरोपी पर दर्ज हैं 118 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक वसीम अकरम उर्फ लंबू के खिलाफ अलग-अलग थानों में 118 प्राथमिकी दर्ज हैं। उसे 13 अगस्त को अदालत में पेश किया जाना था। दिल्ली पुलिस उसे नंदीग्राम से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जा रही थी, इसी दौरान उसने यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने और फायरिंग करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई