गोरखपुर-बिजली ठेकेदार की तलवार से नृशंस हत्या, नाबालिग आरोपी का वीडियो वायरल

SHARE:

गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में बिजली ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वारदात की भयावहता सामने आई है। वीडियो में एक किशोर तलवार से शिवकुमार पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। शिवकुमार जान बचाने के लिए हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाते नजर आते हैं, लेकिन आरोपी हमला बंद नहीं करता। यूपी टाइम्स न्यूज ने वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।
ई-रिक्शे से उतरकर भागने लगे थे शिवकुमार
वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि शिवकुमार जान बचाने के लिए ई-रिक्शे से उतरकर भागने का प्रयास करते हैं। इसी दौरान तलवार लिए किशोर उनका पीछा करता है और हाथ, सिर तथा पेट पर वार करता दिखाई देता है। शिवकुमार आगे बढ़कर बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते हुए हमला करता रहता है।
सड़क पर गिरने के बाद भी करता रहा वार
हमले के दौरान शिवकुमार सड़क किनारे गिर जाते हैं। इसके बाद भी आरोपी उन पर लगातार कई वार करता दिखाई देता है। मौके पर मौजूद दो लोग आरोपी को रोकने और शिवकुमार को छोड़ने की गुहार लगाते नजर आते हैं, लेकिन वह उनकी बात नहीं मानता। एक अन्य व्यक्ति घटना का वीडियो बना रहा था। आरोपी ने उस पर भी तलवार तान दी, जिसके बाद वह वहां से बचकर निकल गया।
दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हत्याकांड से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि यूपी टाइम्स न्यूज ने नहीं की है।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से की मुलाकात
घटना के बाद समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शिवकुमार त्रिपाठी के अहिरौली खुर्द स्थित घर पहुंचा। सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। नेताओं ने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई