यमुना एक्सप्रेसवे पर युवती की हत्या का बलदेव पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान शादीशुदा प्रेमी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल को यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 130 के पास एक 26 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। मृतका की पहचान देवरिया निवासी निकिता उर्फ वृंदा के रूप में हुई। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि निकिता 12 अप्रैल को वृंदावन घूमने आई थी। यहां से वह नोएडा जाने की बात कहकर अपनी सहेली से अलग हो गई। इसी बीच उसका प्रेमी बृजेश कुमार सिंह अपने साथी विकास के साथ कार लेकर वहां पहुंचा। बलदेव क्षेत्र में शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि बृजेश और विकास ने मिलकर निकिता का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को एक्सप्रेसवे किनारे फेंककर फरार हो गए। सीओ महावन श्वेता वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि आरोपी कासिमपुर अंडरपास की ओर आ रहे हैं। छौली पुलिया पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को घायल कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बृजेश कुमार सिंह निवासी नंगला रमी थाना अछल्दा, जिला औरैया तथा विकास निवासी ग्राम गपचिया, पोस्ट समतर, थाना ऊसराहार, जिला इटावा के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस, एक कार, मृतका का आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक मृतका तीन माह की गर्भवती थी, जबकि मुख्य आरोपी पहले से शादीशुदा है।