इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 27,663 मतों के अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी बार विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बनने का गौरव हासिल किया। डॉ. मान सिंह यादव को कुल 60,358 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 32,695 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार दोनों प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर 27,663 मतों का रहा। सपा प्रत्याशी को कुल मतों का 55.13 प्रतिशत हिस्सा मिला। पहले चरण में भाजपा आगे, दूसरे से सपा ने बनाई बढ़त
मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई और बुधवार दोपहर बाद लगभग सवा दो बजे नौवें चरण की गणना पूरी होने के साथ अंतिम परिणाम घोषित किया गया। शुरुआती चरण में भाजपा प्रत्याशी आगे रहे, लेकिन दूसरे चरण से सपा प्रत्याशी ने बढ़त बना ली। इसके बाद प्रत्येक चरण में सपा की बढ़त बढ़ती गई और अंत में जीत का अंतर 27,663 मतों तक पहुंच गया। पहली वरीयता के मतों से ही तय हो गया परिणाम
चुनाव में कुल 1,09,482 मतपत्रों की गणना की गई, जिनमें 9,596 मतपत्र अवैध घोषित हुए। सपा प्रत्याशी को पहली वरीयता के मतों में ही स्पष्ट बढ़त मिल गई थी, इसलिए दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की आवश्यकता नहीं पड़ी। वर्ष 2020 के पिछले चुनाव में डॉ. मान सिंह यादव ने 4,333 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इस बार उनकी जीत का अंतर छह गुना से अधिक रहा।