पिछले काफी समय से फरार चल रहे 50 हजार के ईनामी गो तस्कर को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के बाद अभियुक्त को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने चंदौली में गोवंश तस्करी के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी नुरुल खान को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था।एसटीएफ के अनुसार, चंदौली थाने में दर्ज गोवंश तस्करी और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में गया के हमजापुर निवासी नुरुल खान की तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर एसटीएफ प्रभारी जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम में गया जिले के बाराचट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। आरोपी ट्रक चलाता है। सात जनवरी 2025 को वह कंटेनर में 30 गोवंश लेकर कानपुर से बिहार जा रहा था। चंदौली में जाम के दौरान पुलिस को देखकर वह वाहन छोड़कर फरार हो गया था। इसी मामले में उसपर 50 हजार रुपये का इनाम था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बिहार भाग गया था। गिरफ्तार आरोपी को चंदौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।