लखनऊ-बसपा में परिवार को लेकर मायावती का नया फैसला, ईशान आनंद को आगे बढ़ाने का एलान

SHARE:

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने परिवार के सदस्यों की पार्टी में भूमिका को लेकर नया फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके भाई आनंद कुमार के परिवार से आकाश आनंद और उनकी बहन दीपिका आनंद को पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। वहीं ईशान आनंद को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे बढ़ाने की बात कही है।
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद को उनके विशेष आग्रह पर राजनीति में आगे किया गया था, लेकिन बाद में उनके रवैये और गतिविधियों के कारण उन्हें पार्टी से अलग करना पड़ा। उन्होंने आकाश को दोबारा पार्टी में शामिल किए जाने की संभावना से भी इनकार किया है। उनके अनुसार, आकाश को वापस लेना पार्टी के लिए विश्वासघात होगा।
दीपिका आनंद को लेकर भी मायावती ने अपना रुख साफ किया है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद उनके मामले में भी भविष्य को लेकर ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है, इसलिए उन्हें पार्टी में जिम्मेदारी देने से दूर रखा जाएगा। मायावती ने कहा कि इस फैसले में आगे कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
ईशान आनंद को मिलेगा सम्मानजनक दायित्व
मायावती ने कहा कि आनंद कुमार के परिवार से अब केवल ईशान आनंद को ही पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य के बारे में अभी निश्चित रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। यदि ईशान ने पार्टी विरोधी कोई गंभीर कृत्य किया तो उन्हें भी पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में आनंद कुमार के परिवार के किसी अन्य सदस्य को पार्टी में छोटी या बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। इसके बजाय पार्टी में काम कर रहे किसी मिशनरी और निष्ठावान कार्यकर्ता को आगे बढ़ाया जाएगा।
कांशीराम और आंबेडकर का दिया उदाहरण
मायावती ने अपने फैसले के संदर्भ में बसपा संस्थाप कांशीराम और डॉ. भीमराव आंबेडकर के उदाहरण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में काम करने वालों को भाई-बहनों और नजदीकी रिश्तेदारों के मोह से ऊपर उठकर ईमानदारी और निष्ठा से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज ही उनका असली परिवार है और पार्टी के मिशन को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।
युवाओं को संगठन में भागीदारी देने की नीति
मायावती ने बसपा संगठन में युवाओं को करीब 50 प्रतिशत तक भागीदारी देने की प्रक्रिया का भी उल्लेख किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों में सर्वसमाज के कर्मठ और युवा प्रतिभाओं को उम्मीदवार बनाने में प्राथमिकता देने की बात कही है।
परिवार को लेकर फैसला:
मायावती ने आकाश आनंद और दीपिका आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से दूर रखने तथा ईशान आनंद को आगे बढ़ाने का फैसला बताया है। ईशान के लिए भी पार्टी विरोधी गंभीर गतिविधि की स्थिति में कार्रवाई की बात कही गई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई