प्रेमी भांजे के प्यार में पागल बहू ने अपनी सास को जहर खिलाकर मार डाला। महिला ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल लिया है।
लखनऊ के मोहन रोड स्थित इब्राहिमगंज गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम प्रसंग में बहू ने कथित रूप से अपने भांजे प्रेमी के साथ मिलकर सास शांति देवी को जहर देकर मार डाला। 5 अप्रैल की रात रोटी में जहर मिलाकर खिलाया गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। बेटे मनोज रावत ने पत्नी शालिनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूछताछ में महिला ने ससुर और पति को भी मारने की साजिश की बात कबूल की। पुलिस ने जहर मिली रोटी बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतका के बेटे मनोज रावत का आरोप है कि उनकी पत्नी शालिनी का पिछले दो महीनों से सगे भांजे के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी नाजायज रिश्ते ने एक मां की जान ले ली। पूछताछ में आरोपी महिला ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसकी योजना सिर्फ सास तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह ससुर और पति को भी जहर देकर खत्म करना चाहती थी, ताकि प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू कर सके। कई दिन बाद खुला राज
घटना के पांच दिन बाद जब परिजनों को शक हुआ और उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, तो सच्चाई खुद आरोपी के मुंह से बाहर आ गई। यह सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के एक कमरे में मौरंग के ढेर में छिपाकर रखी जहर मिली आधी रोटी बरामद की। इंस्पेक्टर सतीश राठौर के अनुसार आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद मातम, दहशत और आक्रोश का माहौल है।जहां एक मां की मौत ने पूरे समाज को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर रिश्तों में इतनी कड़वाहट कैसे घुल गई कि रोटी भी जहर बन गई।