पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को पड़ोस के खाली प्लाट में फेंक दिया। सुबह शव मिलने की जानकारी से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के संजय गांधी नगर में रविवार देर रात दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया। मृतक की पहचान आनंद सिंह उर्फ रगड़ू (40) के रूप में हुई है। आरोप है कि नशे की हालत में हुए पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई प्रियम सिंह (37) ने ईंट से हमला कर बड़े भाई की हत्या कर दी। इसके बाद शव को सचिन कुमार पाल के खाली प्लाट में फेंक दिया। आरोप है कि घटना के दौरान प्रियम की पत्नी रानी और 15 वर्षीय बेटी शीतल भी आनंद को पीटने में शामिल थीं। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, वारदात से पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी बंद कर दिया गया था। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने खाली प्लाट में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्रियम की पत्नी रानी और बेटी शीतल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं आरोपी प्रियम फरार है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। खाली प्लाट में मिला शव
सुबह खाली प्लाट में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य एकत्र किए। फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस हिरासत में लिए गए परिजनों से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मामले में जांच और विधिक कार्रवाई जारी है।