चाय की दुकान पर बैठे युवकों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस दौरान बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में जीरो प्वाइंट स्थित खातिरदारी कैंटीन पर रविवार रात कुछ युवक चाय पी रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उबैद कालिया को निशाना बनाकर गोली चला दी। उबैद गोली से बचने के लिए पीछे हट गया, लेकिन पास में बैठे अब्दुल्ला को गोली लग गई। गोली लगने से कैंटीन पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अब्दुल्ला किसी तरह कैंटीन के अंदर पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक अब्दुल्ला (17) पाकबड़ा के मोहल्ला मुल्लाओ वाला निवासी शाकिर का बेटा था। उसके पिता बर्तन कारोबारी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। कैंटीन कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस की कई टीमें गठित
एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह और सीओ सिविल लाइंस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के अनुसार परिजनों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।