कानपुर-पटाखे की चिंगारी से रजाई-गद्दे के कारखाने में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलने की आशंका

SHARE:

दीपावली की रात पटाखे की चिंगारी से एक कारखाने और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घर में मौजूद परिवार के लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर बी ब्लॉक निवासी बंटी अग्रवाल अपने मकान के भूतल पर रजाई और तकियों का कारखाना चलाते हैं। इसी परिसर में उन्होंने गोदाम भी बना रखा है, जबकि प्रथम तल पर परिवार के साथ रहते हैं। सर्दियों के सीजन की तैयारी के चलते कारखाने और गोदाम में काफी सामान रखा हुआ था। रविवार रात पटाखे की चिंगारी से गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुआं उठने लगा। उस समय घर में बंटी अग्रवाल के पिता विजय अग्रवाल, मां, पत्नी और बच्चा भी मौजूद थे। आग फैलती देख सभी लोग घर से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जाजमऊ अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद शमीम ने बताया कि आग बुझा दी गई है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
गोदाम में रखा था सर्दियों का सामान
सर्दियों के सीजन को देखते हुए कारखाने में रजाई और तकियों का काफी स्टॉक रखा गया था। आग से सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है।
दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू
आग की सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकते हुए उस पर काबू पाया। घटना में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई