दिनदहाड़े दो हथियारबंद बदमाशों ने एक शिक्षक के घर में घुसकर उनकी पत्नी और बेटे को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने पूरे घर को खंगालकर अलमारी और लॉकर में रखी लाखों रुपये की नकदी व कीमती जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी आसानी से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार कानपुर के श्याम नगर पीएसी पुल के पास रहने वाले शरद त्रिपाठी ऑक्सफोर्ड स्कूल में शिक्षक हैं। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे वह किसी काम से घर से बाहर गए थे। उस समय घर पर उनकी पत्नी रचना त्रिपाठी और बेटा देवांश मौजूद थे। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश घर में घुस आए। घर में घुसते ही बदमाशों ने रचना और देवांश पर तमंचा तान दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी व लॉकर में रखी लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास की गलियों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।