अलग-अलग घटनाओं में नवविवाहिता समेत दो महिलाओं ने फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों मामलों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नवविवाहिता के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के तराया गांव निवासी गीता 21 पत्नी शारदा प्रसाद शनिवार को घर में अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य खेत पर बाड़ लगाने गए थे। इसी दौरान उसने कमरे में पंखे के हुक से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। शाम को परिजन घर लौटे तो वह फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के ससुर का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं था और आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। वहीं, मृतका के पिता रामऔतार निवासी ओरन ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 7 जुलाई 2026 को हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था और उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के दोहा गांव निवासी गोमती 40 पत्नी मिथलेश, जो अतर्रा थाना क्षेत्र के प्रहलाद सिंह पुरवा (राजनगर) में रहती थी, ने शनिवार शाम कमरे में पंखे के हुक से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर पति ने पुलिस को सूचना दी। मुन्नीलाल ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भांजे ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।