अटल आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण, पौष्टिक भोजन और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
रविवार को अटल आवासीय विद्यालय, अछरौड़ (बांदा) की मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उप श्रमायुक्त, विद्यालय के प्रधानाचार्य और समिति के नामित सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यालय की प्रगति, उपलब्धियों और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति जताई गई।
बैठक में पेयजल, विद्युत व्यवस्था, जनरेटर, नियमित चिकित्सक की उपलब्धता, आरओ प्लांट और छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक संसाधनों पर विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि विद्यालय में महिला एवं पुरुष सुरक्षा गार्डों की समुचित तैनाती सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से बालिका छात्रावास की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने परिसर, छात्रावास, भोजनालय, रसोईघर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। वर्षा ऋतु को देखते हुए मच्छरों और जलजनित रोगों से बचाव के प्रभावी इंतजाम करने तथा सर्पदंश जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंटी-वेनम सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रखने को कहा। आयुक्त ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन दिया जाए तथा भोजन बनाने वाले कर्मचारी स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करें। उन्होंने नैतिक शिक्षा, अनुशासन, शिष्टाचार, योग, प्राणायाम, खेलकूद और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुये बताया गया कि विद्यालय का सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है और विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
बैठक के अंत में आयुक्त ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास से जुड़ी किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी उन्हें लिखित और दूरभाष के माध्यम से दी जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अटल आवासीय विद्यालय को प्रदेश के उत्कृष्ट आवासीय शिक्षण संस्थानों में शामिल करने के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।