कानपुर-पीआरडी जवानों की फर्जी हाजिरी से 3.03 लाख का घोटाला, जांच में खुलासा

SHARE:

ड्यूटी और वेतन भुगतान में अनियमितताओं की जांच के दौरान वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है। जांच में कम दिनों की ड्यूटी के बदले अधिक भुगतान और खेल प्रतियोगिताओं में जवानों की तैनाती के नाम पर अनियमित भुगतान किए जाने का मामला उजागर हुआ है।
कानपुर में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के 35 जवानों की हाजिरी और भुगतान की जांच में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 3,05,500 रुपये की गड़बड़ी सामने आई है। उपनिदेशक युवा कल्याण शिल्पी पांडेय की जांच में तत्कालीन जिला युवा कल्याण अधिकारी आरती जायसवाल और वरिष्ठ सहायक वैभव सिंह को जिम्मेदार माना गया है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए महानिदेशक प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण को रिपोर्ट भेजी गई है।
जांच के दौरान हाजिरी पोर्टल पर दर्ज विवरण और भुगतान का मिलान किया गया। नियम के अनुसार पीआरडी जवान को प्रतिदिन 500 रुपये दिए जाने थे, लेकिन कुछ मामलों में एक दिन की ड्यूटी के बदले 15 हजार रुपये तक का भुगतान किया गया। पांच-छह दिन की ड्यूटी के बदले भी 15,500 रुपये तक खाते में भेजे गए।
हाजिरी और भुगतान में मिली गड़बड़ी
जांच में पीआरडी स्वयंसेवक धर्मेश कुमार को नवंबर 2025 में कल्याणपुर थाने में एक दिन की ड्यूटी के बदले 500 रुपये के स्थान पर 15 हजार रुपये दिए जाने का मामला सामने आया। दिसंबर 2025 में अर्मापुर थाने में एक दिन की ड्यूटी के लिए 15,500 रुपये का भुगतान किया गया। इसी तरह अन्य जवानों के भुगतान में भी अनियमितताएं मिलीं।
राजेश कुमार को निर्धारित ड्यूटी के दिनों से अधिक का भुगतान किए जाने और अलग-अलग जवानों के खातों में अतिरिक्त रकम भेजे जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई। खेल प्रतियोगिताओं में ड्यूटी लगाने के नाम पर 26 पीआरडी स्वयंसेवकों को 99,500 रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन इससे संबंधित जरूरी दस्तावेज कार्यालय में उपलब्ध नहीं मिले।
रिकॉर्ड नहीं मिलने पर कार्रवाई की संस्तुति
शिकायत के आधार पर उपनिदेशक युवा कल्याण शिल्पी पांडेय विकास भवन स्थित कार्यालय पहुंचीं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जवानों की ड्यूटी और भुगतान से जुड़े मस्टर रोल, कैशबुक तथा अन्य अभिलेख मांगे गए, लेकिन जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद हाजिरी पोर्टल की जांच कर भुगतान में गड़बड़ी का पता लगाया गया।
शिल्पी पांडेय के अनुसार, जांच रिपोर्ट में तत्कालीन जिला युवा कल्याण अधिकारी को दोषी पाया गया है। संबंधित अधिकारी और वरिष्ठ सहायक के खिलाफ कार्रवाई के लिए महानिदेशक को रिपोर्ट भेजी गई है। उनके कार्यकाल के अन्य वर्षों की जांच के लिए शासन से अनुमति लेने की बात भी कही गई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई