कानपुर-घाटमपुर उप डाकघर घोटाले की रकम 1.63 करोड़ के पार, 31 खाताधारक आए सामने

SHARE:

लोगों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रखने के लिए डाकघर में जमा कराई गई रकम के कथित घोटाले का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। फर्जी पासबुक और खातों के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद अब नए पीड़ित भी पुलिस के पास पहुंच रहे हैं। घोटाले की कुल रकम 1.63 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।
घाटमपुर उप डाकघर में हुए घोटाले में बुधवार को चार और खाताधारकों ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सभी के बयान दर्ज किए। इसके साथ ही अब तक शिकायत करने वाले पीड़ितों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।
बरौली निवासी रंजीत ने पुलिस को बताया कि उनकी एफडी फर्जी निकली है और बचत खाते में भी रुपये नहीं बचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके करीब 15 लाख रुपये हड़पकर उन्हें फर्जी पासबुक थमा दी गई थी। कस्बे के कूष्मांडानगर निवासी रमा देवी ने बताया कि उन्होंने काउंटर पर पांच लाख रुपये जमा किए थे, लेकिन उनकी पासबुक भी फर्जी बताई जा रही है। बनहरी गांव निवासी विनय प्रकाश ने बताया कि उन्होंने 11 सितंबर 2021 को शैलेंद्र पांडेय के माध्यम से खाता खुलवाया था। किस्तों में करीब 3.60 लाख रुपये जमा किए थे। पासबुक की जांच कराने पहुंचे तो खाते में रकम नहीं मिली। वहीं कानपुर देहात के आलापुर निवासी महेश ने बताया कि उन्होंने 22 फरवरी 2018 को शैलेंद्र के माध्यम से 30 हजार रुपये की एफडी कराई थी, लेकिन अब उनका खाता फर्जी बताया जा रहा है।
मुख्य आरोपी भेजा गया जेल
घोटाले के मुख्य आरोपी कथित एजेंट शैलेंद्र पांडेय को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। पूछताछ के दौरान उसने डाकघर के कर्मचारियों की संलिप्तता की बात बताई थी। पुलिस ने पूर्व में उप डाकघर में तैनात रहे और वर्तमान में शुक्लागंज में कार्यरत बाबू नरेश साहू को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आरोपी से पूछताछ में कई अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम सामने आने की बात कही गई है।
15 वर्षों का मांगा गया कर्मचारियों का विवरण
थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने डाक विभाग से पिछले 15 वर्षों के दौरान तैनात रहे अधिकारियों और कर्मचारियों का विवरण मांगा है। एसीपी कृष्णकांत के मुताबिक, कर्मचारियों की मिलीभगत से घोटाले को अंजाम दिया गया है। डाक विभाग से जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई