माता-पिता को खोने के बाद अकेलेपन और असुरक्षा से जूझ रही एक युवती ने चार साल पहले लिंग परिवर्तन कराकर पुरुष के रूप में जीवन जीने का फैसला किया था। अब उसके चेहरे पर दाढ़ी-मूंछ उग आई है और आवाज भी पुरुषों जैसी हो गई है। अपनी बदली हुई पहचान और जिंदगी में आए बदलावों के साथ वह डॉक्टर से मिलने पहुंचा तो चिकित्सक भी उसे पहचान नहीं पाए।
फाफामऊ निवासी 20 वर्षीय युवती का 14 जून 2022 को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में लिंग परिवर्तन किया गया था। सर्जरी की प्रक्रिया करीब एक साल तक कई चरणों में चली। इस जटिल ऑपरेशन में प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित जैन और यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. दिलीप चौरसिया की अहम भूमिका रही। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के चिकित्सकों ने भी सहयोग किया। सर्जरी के दौरान स्तन और गर्भाशय हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज को हर तीन महीने पर हार्मोन का इंजेक्शन दिया जाने लगा। चिकित्सकों के मुताबिक सर्जरी के करीब डेढ़ साल बाद शारीरिक बदलाव दिखाई देने शुरू हुए। अब युवक के चेहरे पर दाढ़ी-मूंछ आ गई है और आवाज में भी बदलाव हो चुका है। निजी अस्पतालों में पांच लाख से अधिक खर्च, एसआरएन में 50 हजार में हुई सर्जरी
एसआरएन अस्पताल में इस जटिल सर्जरी पर करीब 50 हजार रुपये खर्च हुए, जबकि निजी अस्पतालों में इसी तरह की सर्जरी का खर्च पांच लाख रुपये से अधिक बताया गया है। चिकित्सकों के अनुसार यह कई चरणों में पूरी होने वाली जटिल प्रक्रिया थी। युवक ने आगे की सर्जरी किसी दूसरे स्थान पर कराने का निर्णय लिया है। अब रात में भी अकेले आने-जाने में नहीं लगता डर
युवक ने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद वह काफी अकेला पड़ गया था। रिश्तेदारों की अपेक्षा दोस्तों ने उसका अधिक साथ दिया। उसका कहना है कि कई लोग सांत्वना देने के बहाने उसका फायदा उठाने की कोशिश करते थे। इसी असुरक्षा के चलते उसने पुरुष के रूप में जीवन जीने का फैसला किया। अब वह खुद को सुरक्षित महसूस करता है और रात में भी अकेले कहीं आने-जाने में डर नहीं लगता। उसके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत थे। अनुकंपा के आधार पर उसे कुछ समय पहले पुलिस विभाग में कार्यालय का कामकाज भी मिल गया है।