कलयुगी पिता गंदी फिल्म दिखाकर अपनी बेटी का यौन शोषण करता रहा। आचानक जब बेटी की तबियत बिगड़ी,तब मामले का राजफाश हो सका। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़कर जेल भेज दिया है।
कानपुर के सेनपश्चिम पारा थाना क्षेत्र में रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना हुई। एक सरकारी विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मी पिता अपनी ही 11 वर्षीय बेटी को कई महीनों से हवस का शिकार बनाता रहा। मां के साथ लखनऊ एक बर्थडे पार्टी में गई बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ी, तो मां उसे अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद बेटी से दुष्कर्म की पुष्टि की तो मां सन्न रह गई। बेटी ने मां को बिलखते हुए पिता की काली करतूत बयां की। शहर लौटते ही महिला ने गुरुवार को पति के खिलाफ बेटी से दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। युवक से किया था अंतरधार्मिक प्रेमविवाह
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 12 वर्ष पहले 2014 को सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र निवासी युवक से अंतरधार्मिक प्रेमविवाह किया था। वर्ष 2015 में उन्होंने एक बेटी और 2023 में एक बेटे को जन्म दिया। बताया बीते मंगलवार को वह अपने दोनों बच्चों के साथ लखनऊ में एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गई थीं। वहां अचानक बेटी के निजी अंगों से रक्तस्राव शुरू हो गया। इस पर उन्होंने बेटी को नर्सिंगहोम में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने बेटी के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि की। यह सुनते ही उनके होश उड़ गए। बेटी से पूछने पर उसने पिता द्वारा लगातार कई महीने से दुष्कर्म करने की जानकारी दी। इसके बाद मां-बेटी फूट-फूटकर बिलखने लगीं। बेटी ने मां को बताया कि पिता उसे कई महीने से मोबाइल पर जबरन गंदी फिल्में दिखाकर गलत काम करने का दबाव बनाते थे। विरोध करने पर डराते-धमकाते थे। गुरुवार को लखनऊ से लौटकर मां ने थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया। सेनपश्चिम पारा थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि पिता को जेल भेजने के साथ ही बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।