उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने अपनी उपलब्धियों से एक बार फिर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) मुंबई की ओर से प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान जनसेवा, उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
वर्ष 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहित अग्रवाल मूल रूप से बरेली के साहूकारा मोहल्ले के निवासी हैं। उनके पिता कृष्ण मोहन अग्रवाल फरीदपुर के एक इंटर कॉलेज में गणित के शिक्षक थे। इसी वजह से उनका परिवार फरीदपुर में रहने लगा था। मोहित अग्रवाल की शुरुआती पढ़ाई भी वहीं हुई। बाद में परिवार ने बरेली शहर के ग्रीन पार्क में अपना आवास बनाया। करीब तीन दशक के पुलिस सेवाकाल में उन्होंने जनसुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और पुलिस के आधुनिकीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 2023-2024 में उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के प्रमुख रहते हुए उनके नेतृत्व में आईएसआईएस से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया था। 23 बच्चों को सुरक्षित बचाने में निभाई थी अहम भूमिका
मोहित अग्रवाल के सेवाकाल के चर्चित अभियानों में ऑपरेशन मासूम भी शामिल है। कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक रहते हुए उन्होंने फर्रुखाबाद में 23 बच्चों को बंधक बनाए जाने की घटना में पुलिस अभियान का नेतृत्व किया था। प्रभावी कार्रवाई के बाद सभी बच्चों को सकुशल मुक्त कराया गया था। इस साहसिक अभियान के लिए उन्हें राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक प्रदान किया गया। कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
मोहित अग्रवाल को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पुलिस पदक और सराहनीय सेवा पुलिस पदक भी मिल चुका है। इसके अलावा उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। आईआईएम मुंबई का पूर्व छात्र पुरस्कार उनके लंबे सेवाकाल की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।