मायके से पत्नी के
न आने से नाराज युवक अपने नौ माह के बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। लोगों ने देखा,तब भीड़ जमा हो गई। तत्काल सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने समझा बुझाकर उसे नीचे उतारा।
हमीरपुर जनपद के भरुआ सुमेरपुर के वार्ड 18 निवासी राजेश दुबे पुत्र संतोष पत्नी के मायके से न आने पर रविवार को कस्बे के सिचौली पुरवा बड़ा चौराहा क्षेत्र में पानी की टंकी पर चढ़ गया। वह नौ माह के मासूम बेटे को भी गोद में लिए था। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर एसडीएम करनवीर सिंह,सीओ राजकुमार पांडेय,कोतवाल चंद्रशेखर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। अधिकारी उसे समझाते रहे पर वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। समस्या के समाधान व न्याय दिलाने के आश्वासन पर वह नीचे उतरा। युवक ने बताया कि डेढ़ साल पहले मदारपुर गांव में उसकी शादी हुई थी। उसका नौ माह का बेटा किशन है। पत्नी ने बताया कि वह 10 दिन पहले मायके आई थी। वह पत्नी को लेने आया पर उसने साथ जाने से इनकार कर दिया। जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया है।अधिकारियों ने युवक व उसके बेटे को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सीएचसी भेज दिया है।