हमीरपुर-चारा हटाने को लेकर हुआ विवाद, ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश और फायरिंग से मचा हड़कंप

SHARE:

चारा हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की गई और तमंचे से फायरिंग भी की गई। बाद में त्रिशूलनुमा हथियार और डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
हमीरपुर कस्बा थाना क्षेत्र के शिवनी डेरा में शनिवार को चारा हटाने को लेकर एक ही परिवार के चचेरे भाइयों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई। आरोप है कि खेत से सटे स्थान पर चारा हटाने को लेकर विवाद के दौरान एक पक्ष ने 50 वर्षीय नारायण पाल को निशाना बनाया। बताया गया कि नारायण पाल घर के पास खाली जमीन पर चारा हटा रहे थे। इसी दौरान जमीन से सटे खेत के मालिक वीरपाल, उसका बेटा आनंद और पत्नी ऊषा ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने नारायण पाल से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया।
ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश, फिर तमंचे से फायरिंग
परिजनों के मुताबिक विवाद के दौरान आनंद ने नारायण पाल पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। नारायण पाल ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोप है कि आनंद ने तमंचे से फायर किया, हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद वीरपाल ने त्रिशूलनुमा हथियार से नारायण पाल पर हमला कर दिया, जबकि ऊषा पर डंडे से सिर पर प्रहार करने का आरोप है। हमले में नारायण पाल के माथे और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं।
चीख-पुकार सुनकर दौड़ी पत्नी, तब तक आरोपी फरार
घटना के समय नारायण पाल की बहू घर पर थी, जबकि उनका एक बेटा बाहर गया हुआ था और दूसरा मजदूरी के लिए बाहर था। खेत में काम कर रही नारायण पाल की पत्नी कमलेश ने चीख-पुकार सुनी तो वह मौके की ओर दौड़ीं। हालांकि तब तक आरोपी वहां से चले गए थे। परिजनों ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नारायण पाल को सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई