दिल्ली-48 घंटे जेल में रहने पर सरकारी कर्मचारी अपने आप निलंबित, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया नियम

SHARE:

सरकारी कर्मचारी किसी आपराधिक मामले में गिरफ्तार होने के बाद 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहता है तो उसे स्वतः निलंबित माना जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से अलग से निलंबन आदेश जारी करना जरूरी नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान यह महत्वपूर्ण टिप्पणी की। अदालत ने गिरफ्तारी के बाद कर्मचारी को उसी अस्पताल में उसी पद पर दोबारा बहाल किए जाने पर भी सवाल उठाए।
मामला बिहार के समस्तीपुर सदर अस्पताल में प्रबंधक के पद पर तैनात विश्वजीत सिंह से जुड़ा है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने एक संविदा कर्मचारी का 36,421 रुपये का बकाया वेतन जारी करने के बदले 4,000 रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायत के आधार पर वर्ष 2025 में सतर्कता थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वह करीब 15 दिन तक न्यायिक हिरासत में रहे। गिरफ्तारी के बाद सत्र न्यायालय ने उन्हें नियमित जमानत दे दी थी। शिकायतकर्ता ने इस फैसले को पटना हाईकोर्ट में चुनौती दी। हाईकोर्ट ने एक जुलाई 2026 को जमानत रद्द करते हुए आरोपी को दोबारा हिरासत में लेने का आदेश दिया। इसके बाद विश्वजीत सिंह ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
सुप्रीम कोर्ट में न्यायमूर्ति जेबी पार्डीवाला और न्यायमूर्ति मनमोहन की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि कोई लोक सेवक गिरफ्तार होने के बाद 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहता है तो उसे नियमानुसार स्वतः निलंबित माना जाता है। इसके लिए किसी अलग आदेश की आवश्यकता नहीं होती। अदालत ने जमानत के मामले में कहा कि सामान्य परिस्थितियों में अपराध की अधिकतम सजा और मामले के तथ्यों को ध्यान में रखकर जमानत पर विचार किया जाना चाहिए। हालांकि, आरोपी का आपराधिक इतिहास या मामले की गंभीर परिस्थितियां जमानत से इनकार करने का आधार हो सकती हैं। पीठ ने पटना हाईकोर्ट का जमानत रद्द करने वाला आदेश निरस्त करते हुए सत्र न्यायालय से मिली जमानत बहाल कर दी।
निलंबन वापस लेने पर अदालत ने उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान बिहार सरकार की ओर से बताया गया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को निलंबित किया गया था, लेकिन बाद में निलंबन आदेश वापस ले लिया गया। इसके बाद उन्हें उसी अस्पताल में उसी पद पर दोबारा तैनात कर दिया गया। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने हैरानी जताई और राज्य सरकार को इस पूरे मामले को जल्द देखने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सरकारी कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण व्यवस्था
सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी से स्पष्ट हुआ कि 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने वाले लोक सेवक पर स्वतः निलंबन का प्रावधान लागू होता है। विभाग की ओर से अलग आदेश जारी न होने के आधार पर इस व्यवस्था को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई