बांदा-रेलवे स्टेशन पर तीन लावारिस बैगों में मिली अंग्रेजी शराब

SHARE:

रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान लावारिस हालत में मिले तीन बैगों से अंग्रेजी शराब की 24 बोतलें बरामद हुईं। आरपीएफ ने शराब को कब्जे में लेकर आबकारी विभाग के सुपुर्द कर दिया।
बांदा रेलवे स्टेशन पर नौ नवंबर को प्रभारी निरीक्षक रेल सुरक्षा बल सुरुचि द्विवेदी के निर्देशन में ट्रेनों की चेकिंग की जा रही थी। दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए चलाए जा रहे अभियान के तहत उप निरीक्षक विक्टर लाकड़ा, आरक्षक लाखन सिंह और आबकारी विभाग की टीम रेलवे स्टेशन पर मौजूद थी। इसी दौरान सुबह करीब 3:04 बजे सहरसा एक्सप्रेस के कोच बी-05 की गैलरी में काले रंग के तीन पिठ्ठू बैग लावारिस हालत में मिले। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैग अपना होना नहीं बताया। जांच करने पर तीनों बैगों में अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं। इसके बाद बैगों को ट्रेन से नीचे उतार लिया गया। आरपीएफ पोस्ट पर बैगों की तलाशी लेने पर उनमें विभिन्न कंपनियों की कुल 24 सीलबंद बोतलें बरामद हुईं। इनमें आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की की 12 बोतलें और रॉयल स्टैग व्हिस्की की 12 बोतलें शामिल हैं। सभी बोतलें 750 मिलीलीटर की थीं। शराब की कुल मात्रा 18 लीटर और कीमत 23 हजार 748 रुपये आंकी गई। तीनों बैगों पर एचपी का लोगो लगा हुआ था।
शराब का पूरा विवरण
आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की की 12 बोतलों की कुल कीमत 10 हजार 440 रुपये तथा रॉयल स्टैग व्हिस्की की 12 बोतलों की कीमत 13 हजार 308 रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने तीनों बैगों सहित शराब जब्त कर पोस्ट पर सुरक्षित रखवा दी।
आबकारी विभाग को सौंपी गई शराब
मामले की सूचना पर आबकारी विभाग बांदा के प्रभारी निरीक्षक पी. पिंगाक्ष त्रिपाठी स्टाफ के साथ शाम करीब 6:05 बजे आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। इसके बाद जब्त की गई अंग्रेजी शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई