अमेरिका और इस्राइल के हमले तीव्र हो गए हैं, मिसाइलें आसमान में झूल रही हैं और धमाके शहरों में भय और तबाही फैला रहे हैं। ईरान के खर्ग द्वीप पर कई हमले किए गए हैं।
पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका और इस्राइल के हमले तीव्र हो गए हैं, मिसाइलें आसमान में झूल रही हैं और धमाके शहरों में भय और तबाही फैला रहे हैं। तेल और गैस की आपूर्ति खतरे में है, वैश्विक बाजार अस्थिर हैं। होर्मुज जलसंधि की ब्लॉकिंग से दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव बढ़ रहा है। हर पल संघर्ष और विकराल होता जा रहा है और शांति के संकेत कहीं नजर नहीं आते। ईरान के खर्ग द्वीप पर कई हमले किए गए हैं। कोम शहर के पास एक पुल को भी निशाना बनाया गया। आईआरजीसी ने अमेरिका को लक्ष्मण रेखा पार न करने की चेतावनी दी है। प्रांत के उप-राज्यपाल मोर्तेजा हेदरी ने जानकारी दी कि मंगलवार को अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के कोम शहर के पास एक पुल पर हमला किया। सरकारी टेलीविजन चैनल के अनुसार, तेहरान के दक्षिण में स्थित कोम के बाहर यह हमला हुआ। हेदरी ने कहा, कुछ मिनट पहले कोम की संपर्क लाइनों में आने वाले एक पुल को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि यह हमला अमेरिकी और जियनिस्ट दुश्मनों के प्रोजेक्टाइल से किया गया। हमले के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के मिसाइल हमले से इस्राइल के रामत हाशरॉन में कारों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। बता दें कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है।