फतेहपुर-चरित्र पर शक में पत्नी की हत्या, कुकर के ढक्कन से किए तीन वार; 96 घंटे बाद खुला राज

SHARE:

चरित्र पर शक के चलते शिक्षक पति ने पत्नी की जान ले ली। फतेहपुर में शिक्षिका शालिनी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके शिक्षक पति दिलीप को गिरफ्तार कर सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के चरित्र पर लंबे समय से शक कर रहे पति ने पहले से हत्या की साजिश रची और मौका मिलते ही प्रेशर कुकर के ढक्कन से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद पानी से भरे टब में डुबोकर उसकी हत्या कर दी और वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की। करीब 96 घंटे की जांच और पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
फतेहपुर के नासिरपीर मोहल्ले में शिक्षिका शालिनी (29) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके शिक्षक पति दिलीप को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पत्नी के चरित्र पर करीब डेढ़ साल से शक था। इसी शक के चलते उसने हत्या की साजिश रची और आठ अगस्त की सुबह बर्तन धोते समय प्रेशर कुकर के ढक्कन से पत्नी के सिर पर पीछे से तीन वार कर दिए। इसके बाद बेहोश शालिनी को पानी से भरे टब में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया।
छह महीने से हत्या की योजना बना रहा था पति
पुलिस पूछताछ में दिलीप ने बताया कि उसे करीब डेढ़ वर्ष से पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। पत्नी के बिना बताए कहीं जाने और अपनी कमाई अपनी इच्छा से खर्च करने से भी वह नाराज रहता था। पुलिस के अनुसार, वह करीब छह महीने से पत्नी की हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने की योजना बना रहा था।
बर्तन धोते समय पीछे से किया हमला
आठ अगस्त की सुबह करीब पांच बजे दिलीप की नींद खुली। वह छत पर टहलने गया, जहां से उसने आंगन में शालिनी को बर्तन धोते देखा। इसके बाद नीचे पहुंचकर बर्तन के पास रखे प्रेशर कुकर के ढक्कन से उसके सिर पर पीछे से तीन वार किए। कुकर के ढक्कन का हिस्सा सिर में लगने से शालिनी बेहोश हो गई। पास रखा कांच का गिलास भी टूट गया और उसका एक टुकड़ा शालिनी के पैर में जा लगा।
टब में डुबोकर मार डाला, फिर हादसा दिखाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बेहोश शालिनी को पानी से भरे टब में करीब दो मिनट तक डुबोए रखा। उसकी सांसें थमने के बाद टब का पानी निकाल दिया। इसके बाद कुकर का ढक्कन साफ कर रसोई में रख दिया और खून के निशान भी मिटाने का प्रयास किया। आरोपी बाइक से मॉर्निंग वॉक पर निकल गया और बाद में अपने भाइयों भूपेंद्र और संदीप को बुलाकर शालिनी के गिरने से घायल होने की बात बताई। उसे नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
96 घंटे बाद पुलिस पूछताछ में टूटा आरोपी
घटना के बाद पुलिस को पति पर शक था, लेकिन वह लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा था। तीन दिन तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के छह परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। परिजनों पर कार्रवाई की आशंका बढ़ने के बाद दिलीप टूट गया और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कुकर के ढक्कन में मिला खून, अन्य साक्ष्य भी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त प्रेशर कुकर का ढक्कन, टूटे कांच के गिलास के टुकड़े, पानी का टब, मोबाइल फोन, 70 रुपये नकद और बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार कुकर के ढक्कन में रक्त की पुष्टि हुई है।
पति और दो भाइयों के खिलाफ दर्ज हुई थी रिपोर्ट
शालिनी के पिता और जख्नी गांव के पूर्व प्रधान धर्म सिंह की ओर से दिलीप और उसके भाइयों भूपेंद्र व संदीप के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने दिलीप को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है, जबकि उसके दोनों भाइयों की भूमिका की जांच जारी है। शिक्षा विभाग को भी आरोपी शिक्षक के जेल भेजे जाने की जानकारी भेजी जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई