माफिया अतीक अहमद का गुर्गा बताकर युवक ने महिला व उसके वकील को जान से मारने की धमकी दी है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने युवक की तलाश करनी शुरू कर दी है।
फतेहपुर जिले में रुपये नहीं देने पर महिला को उसके प्रयागराज चकिया के रहने वाले रिश्तेदार युवक ने माफिया अतीक अहमद का आदमी बताकर जान से मारने धमकी दी। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सदर कोतवाली क्षेत्र के अरबपुर मोहल्ला निवासी महताब की पत्नी शगुफ्ता परवीन ने शिकायत में बताया कि प्रयागराज धूमनगंज थाने के चकिया निवासी शारिक उर्फ राजा दूर का रिश्तेदार है। वह अक्सर घर आता-जाता था। अपनी परेशानी बताकर उससे उधार रुपये ले जाता रहा। करीब तीन माह पहले रुपये देने से इंकार कर दिया। रुपये देने से मना करने पर शारिक बोला कि वह अतीक अहमद इलाहाबादी का आदमी है। हलक के अंदर पिस्टल डालकर गोली मारने की धमकी दी। महिला ने अपने वकील मो. इरशाद अली जानकारी दी। इसके बाद व्हाट्सएप पर 26 मार्च को शारिक ने बार-बार कॉल की। पिस्टल से गोली मारकर हत्या की धमकी दी। उसने अपने अधिवक्ता से बात कराई। अधिवक्ता को भी शारिक ने अतीक अहमद इलाहाबादी का आदमी बताकर गाली-गलौज कर पिस्टल से गोली मारकर हत्या की धमकी दी। अधिवक्ता और शारिक के बीच बातचीत का एक वीडियो भी है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि जल्द ही युवक को पकड़ा जायेगा।