उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने गुरुवार को बरेली में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या बाधा नहीं होनी चाहिए। सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि कांवड़ यात्रा के तीसरे और चौथे सोमवार को विशेष सतर्कता बरती जाए, क्योंकि इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर मांस और मदिरा की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहे तथा मार्गों की नियमित सफाई कराई जाए। यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या अवरोध की सूचना मिलते ही क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। डीजीपी ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना का तुरंत खंडन किया जाए, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही डीजे संचालकों से समन्वय स्थापित कर ध्वनि की तीव्रता और डीजे के आकार से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, नगर निकाय, लोक निर्माण, परिवहन और पुलिस विभाग को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना की प्रगति की भी जानकारी दी और कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ धार्मिक आयोजनों की व्यवस्थाओं पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है। बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त, एडीजी, आईजी, डीआईजी सहित बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा और सावन माह की तैयारियों पर आधारित एक विस्तृत बुकलेट भी मुख्य सचिव और डीजीपी को प्रस्तुत की गई, जिसमें सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का पूरा खाका शामिल रहा।