प्रेम संबंध का विरोध करना एक मां को भारी पड़ गया। आरोप है कि बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची और कार में ले जाते समय उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बोरी में भरकर ठिकाने लगा दिया गया।
मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र के नटेशपुरम निवासी 40 वर्षीय कविता की हत्या के मामले का खुलासा हरिद्वार पुलिस ने किया है। पुलिस के अनुसार कविता की बेटी उन्नति का दुल्हेड़ा गांव निवासी आकाश चौहान के साथ प्रेम-प्रसंग था। कविता इस रिश्ते और शादी के पक्ष में नहीं थीं। इसी विरोध के चलते दोनों ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त को उन्नति अपनी मां को कार से बरेली स्थित मनोनाधाम दर्शन कराने की बात कहकर घर से निकली थी। कार आकाश चला रहा था। रास्ते में कविता को नींद की झपकी आ गई। आरोप है कि इसी दौरान पीछे बैठी उन्नति ने चाकू से मां का गला रेत दिया। इसके बाद दोनों ने शव को बोरी में रखकर कार की डिग्गी में डाल दिया।
आरोपियों ने शव को हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर के किनारे ले जाकर सुनसान स्थान पर नहर में फेंक दिया। 18 अगस्त को पुलिस को गंगनहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिला था। गले पर चोट के गहरे निशान होने के कारण हत्या की आशंका जताई गई। जांच के दौरान शव की पहचान कविता के रूप में हुई। 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्ध कार से मिला सुराग
शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस के हाथ लगी। इसी कार की तलाश करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। बुधवार रात मंगलौर पुलिस ने लक्सर रोड से उन्नति और आकाश चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार और चाकू बरामद करने का दावा किया है। दिल्ली में नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान हुई थी दोनों की मुलाकात
पुलिस जांच में सामने आया कि उन्नति और आकाश दोनों दिल्ली में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे और इसी दौरान उनकी मुलाकात हुई थी। कुछ दिन पहले आकाश ने उन्नति के घर जाकर उससे शादी करने की बात कही थी, लेकिन कविता इसके लिए तैयार नहीं थीं। आकाश वारदात से दो दिन पहले दिल्ली से अपने गांव आया था और दोस्त की कार लेकर उन्नति के साथ चला गया था।।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में वारदात स्वीकार की है। मामले में मृतका के पति अरविंद की तहरीर पर मंगलौर कोतवाली में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।