आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल एवं जनपद के नोडल अधिकारी अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार चित्रकूट में कानून व्यवस्था और शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आयुक्त ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त अजीत कुमार ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, सड़क एवं भवन निर्माण, एम्बुलेंस संचालन, दिव्यांगजन पेंशन, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, 15वें वित्त आयोग, शौचालय निर्माण, पर्यटन विकास, ऑपरेशन कायाकल्प, शादी अनुदान, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, पोषण अभियान, निराश्रित पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रोजेक्ट अलंकार, ग्रामीण स्टेडियम, ओपन जिम, सेतु एवं सड़क निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर कम रैंकिंग वाले विभाग तत्काल सुधार कर जनपद की रैंकिंग बेहतर करें। किसानों को योजनाओं का अधिक लाभ दिलाने के दिए निर्देश
बागवानी विकास मिशन और कृषि योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के तहत किसानों के क्लस्टर बनाकर लाभ पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में खाद की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी उर्वरक केंद्रों पर स्टॉक बोर्ड, उपलब्ध मात्रा, निर्धारित मूल्य और टोकन व्यवस्था अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा में आयुक्त ने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत बिलिंग और मीटर रीडिंग में सुधार, रोस्टर के अनुसार आपूर्ति तथा जर्जर तारों को शीघ्र बदलने को कहा। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जननी सुरक्षा योजना का प्रभावी संचालन और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बीएचएसएनडी सत्र नियमित रूप से आयोजित कराने को भी कहा गया। हर गांव में शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई पर जोर
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों की समयबद्ध मरम्मत कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक गांव में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।फैमिली आईडी का निर्धारित लक्ष्य समय सीमा में पूरा कराने तथा ग्राम पंचायत सचिवालयों में कर्मचारियों की रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गांवों में नियमित साफ-सफाई पर भी जोर दिया गया।आयुक्त ने श्रावण मास को देखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। रामघाट, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग और प्रमुख शिव मंदिरों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा। पर्यटन विभाग को इको पार्क, राम वाटिका और मड़फा में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने तथा बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत करने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निराश्रित गोवंशों का शत-प्रतिशत संरक्षण राजकीय गौशालाओं में सुनिश्चित करने, नियमित टीकाकरण कराने और सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर विचरण करता हुआ नहीं दिखना चाहिए। आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही आयुक्त ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को श्रावण मास के मेले तथा आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं प्रभावी रखने के निर्देश दिए। भूमि विवादों के मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर त्वरित निस्तारण कराने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कानून व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि गुरु पूर्णिमा और श्रावण मास के मेले को देखते हुए प्रमुख शिव मंदिरों, विशेषकर छह अधिक भीड़ वाले मंदिरों में व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई है। रामघाट पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदाकिनी नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ यात्रा के लिए पार्किंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आयुक्त का स्वागत करते हुए बैठक में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्रशेखर, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, सीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, डीसी मनरेगा डी.एन. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव, एसडीएम कर्वी अजय कुमार यादव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।