बाँदा-विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई,डीएम ने दिए सख्त निर्देश

SHARE:

शासन की प्राथमिकता वाले सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरे किए जाएं। डीएम ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में जनपद के सभी विकास खंडों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाले सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरे किए जाएं। विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में डीपीआरओ को निर्देश दिए गए कि भूमि विवाद अथवा अन्य समस्याओं का संबंधित एसडीएम से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराया जाए। शौचालयों के लंबित भुगतान समयबद्ध तरीके से कराने के साथ ही शौचालयों से संबंधित शिकायतों की विकास खंडवार सूची तैयार कर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आईसीडीएस विभाग की समीक्षा में तिंदवारी के बीडीओ को लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जिन आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हुई है, उनके संबंध में संबंधित खंड विकास अधिकारियों से लिखित स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में जलभराव की समस्या वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल जल निकासी एवं आवश्यक सुधार कार्य कराने तथा किसी भी विकास अथवा निर्माण कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने को कहा गया। मनरेगा की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर फर्जीवाड़ा या पात्र व्यक्ति के अधिकारों का हनन पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपने दायित्वों का संतोषजनक ढंग से निर्वहन नहीं करने वाले बीएमएम को राज्य स्तर पर वापस भेजने की कार्रवाई तथा खराब प्रगति वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। जॉब कार्ड अपडेट की समीक्षा में महुआ, नरैनी और बिसंडा विकास खंडों की प्रगति अत्यंत खराब मिलने पर संबंधित बीडीओ को विशेष अभियान चलाकर तत्काल सुधार लाने को कहा गया। फैमिली आईडी की समीक्षा में भीकमासिन विकास खंड की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति फैमिली आईडी से वंचित नहीं रहना चाहिए। पात्र व्यक्ति के छूटने पर संबंधित बीडीओ की जिम्मेदारी तय की जाएगी। सभी विकास खंडों में अभियान चलाकर शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों की फैमिली आईडी बनाने के निर्देश दिए गए। पूर्व समीक्षा बैठक में जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन अवरुद्ध किया गया था, उनके कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों में तेजी लाने और लखपति दीदी योजना की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। लापरवाही, उदासीनता अथवा प्रगति में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई