यूरिया उर्वरक के साथ किसी भी प्रकार की टैगिंग न की जाए और किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्टॉक और मूल्य सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, महिलाओं और बुजुर्ग किसानों के लिए अलग कतार बनाने तथा खाद वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी रखने के निर्देश दिए है।
चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने शनिवार को नवीन गल्ला मंडी, कर्वी स्थित खाद विक्रय केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवरामपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद वितरण व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
खाद विक्रय केंद्र पर यूरिया और डीएपी का पर्याप्त स्टॉक मिला। आयुक्त ने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि यूरिया उर्वरक के साथ किसी भी प्रकार की टैगिंग न की जाए और किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्टॉक और मूल्य सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, महिलाओं और बुजुर्ग किसानों के लिए अलग कतार बनाने तथा खाद वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद आयुक्त अजीत कुमार ने सीएचसी शिवरामपुर का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका की जांच में एक कर्मचारी चिकित्सीय अवकाश पर मिला, जबकि दो चिकित्साधिकारी क्षेत्रीय भ्रमण पर थे। इस पर उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के क्षेत्रीय भ्रमण का रिकॉर्ड रखने के लिए मूवमेंट रजिस्टर नियमित रूप से संधारित करने और उसमें आने-जाने का समय दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने, मरीजों को समय पर बेहतर उपचार देने तथा बरसात के मौसम को देखते हुए अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और संक्रमण नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।